आगर मालवा। जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह मंगलवार (7 जनवरी) को छावनी चौराहे पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। चौराहे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए व्यवस्थाओं को जायजा लिया। साथ ही यांत्रिकी सुधार और सड़क के दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिए।
दरअसल बीते दिनों छावनी चौराहा पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया था। इससे सीसीटीवी कैमरे के पोल, नगर पालिका का हाई मास्ट और 50 मीटर डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी।
डीपी हटाने, शॉपिंग मॉल की पार्किंग सही करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी विनोद कुमार सिंह यातायात में बाधा बन रही विद्युत मंडल की डीपी और एक पोल को हटवाने के लिए नगर पालिका के माध्यम से प्रक्रिया करने को कहा। चौराहा पर ही स्थित दो शॉपिंग माल की बिगड़ी पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा, नपा सीएमओ पवन कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी अनिल कुमार मालवीय, यातायात सूबेदार जगदीश यादव सहित पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।