बड़वानी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर रोहिणी तीर्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस दौरान नर्मदा स्नान के लिए आने वाले भक्तों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न समितियों ने जिला प्रशासन से मांग की है।
मां नर्मदा सेवा ट्रस्ट, मां नर्मदा घाट निर्माण समिति और रोहिणी सेवार्थ सामाजिक समिति ने एक बैठक की। इसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर 15 बिंदुओं का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया।
समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कई अहम मांगें रखी हैं। इनमें गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेड्स की स्थापना, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम की तैनाती शामिल है। महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के लिए अस्थायी टेंट, वाहन पार्किंग, लाइट व्यवस्था और लाइफ जैकेट की मांग की गई है।
इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल, एम्बुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर और घाट के किनारे कीचड़ हटाने के लिए जेसीबी की व्यवस्था की मांग भी की गई। माइक से लगातार सूचनाएं देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। कलेक्टर गुंचा सनोबर ने आश्वासन दिया है कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में सोमवार को अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।