देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा जिले में संचालित होने वाली स्कूल बसों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत देवास शहर में संचालित हो रहे शैक्षणिक संस्थानों के स्कूल बसों की जांच की गई।जांच कार्यवाही के दौरान देवास शहर की दिल्ली पब्लिक स्कूल क्षिप्रा, सेंट थॉमस एकेडमी क्षिप्रा, क्षिप्रा मालवांचल एकेडमी, न्यू सरस्वती स्कूल, किड्स होम स्कूल, न्यू एमिनेंन्स स्कूल, विस्डम पब्लिक स्कूल तथा मार्ग पर संचालित अन्य शैक्षणिक संस्थान के लगभग 32 स्कूल बसों की जांच की गई।
कार्यवाही के दौरान 03 वाहनों में अनियमितता पाई जाने पर चालानी कार्यवाही की जाकर 10 हजार रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही दिल्ली पब्लिक स्कूल क्षिप्रा की एक बस बगैर बीमा प्रमाण-पत्र तथा बिना मोटरयान कर संचालित होने के कारण जप्त की गई। जांच के दौरान स्कूल बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने वाहनों को माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार निर्धारित मापदण्ड पूर्ण करने पर तथा निर्धारित दस्तावेज पूर्ण होने पर ही मार्ग पर संचालित करें। परिवहन विभाग द्वारा जिले में जांच कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
कार्यवाही में परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा देवास में सयाजी द्वार के समीप मार्ग पर संचालित होने वाले वाहनों के पीयूसी प्रमाण पत्र चेक किया गया। वाहनों में पीयूसी नहीं पाई जाने पर वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने वाहनों में तत्काल मान्यता प्राप्त पीयूसी केन्द्र से पीयूसी प्रमाण पत्र बनवा लेवें।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में वाहनों में पीयूसी बनाये जाने के लिए कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार शहर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।