नीमच। जिले में रविवार को उत्कृष्ट और मॉडल स्कूल की कक्षा नवीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई। जिले में कुल 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए। इनमें नीमच शहर में 5 केंद्र और मनासा और जावद में एक-एक केंद्र शामिल थे।
नीमच शहर में परीक्षा केंद्रों में महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोठी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशहरा मैदान केंट, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 और चौधरी हाई स्कूल बघाना शामिल थे।
परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। कुल 1342 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1211 परीक्षा में शामिल हुए। 131 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए। विद्यार्थियों की चेकिंग के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मंगरिया के अनुसार, इस परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट विद्यालय और मॉडल स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा।