नीमच। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार), नीमच द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने उनके राष्ट्र निर्माण, शिक्षा एवं राष्ट्रीय एकता में योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद आराधना स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आराधना स्कूल के प्राचार्य पंकज यादव ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा महान विभूतियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 50 से अधिक युवाओं एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।