मनासा। शासकीय रावि महाविद्यालय मनासा में प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ के निर्देशन में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या की रोकथाम विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय चिकित्सालय मनासा के डॉ. प्रमोद पाटीदार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का स्वागत डॉ. सी.एस. बारीवाल, डॉ. ममता बसेर, डॉ. स्मिता रावत तथा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशवंत राठौर का पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया।
स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ ने विद्यार्थियों से चिंता मुक्त एवं सकारात्मक जीवन जीने का आह्वान किया। मानसिक स्वास्थ्य प्रभारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सी.एस. बारीवाल ने महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद पाटीदार ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने, तनाव से बचाव, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा आत्महत्या जैसे विचारों से दूर रहने के उपाय विस्तार से बताए। उन्होंने कहा कि वर्तमान को बेहतर बनाकर ही भविष्य को संवारना संभव है। जीवन अनमोल है, इसलिए हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच और मुस्कान बनाए रखना आवश्यक है।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशवंत राठौर ने विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित एवं सार्थक उपयोग करने की अपील करते हुए अच्छी संगति अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक मित्र मंडली, अनुशासित जीवनशैली और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता तथा अच्छे मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी हैं।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक शिल्पा सेठिया ने किया, जबकि अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सी.एस. बारीवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।