मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को समग्र ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने तथा संबल पंजीयन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने, स्कूलवार प्रगति सूची तैयार करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को मुख्यमंत्री पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश भी दिए।