इंदौर। शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, भारतीय जनसंघ के संस्थापक और देश की एकता और अखंडता के प्रबल समर्थक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर विजय नगर चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
इस मौके पर जलसंसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने डॉ.मुखर्जी को पुष्पाजंलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्र एकता, अखंडता, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श, विचार और राष्ट्र निर्माण के लिए किए गए काम आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।
इस मौके पर महापौर भार्गव ने एमआर-4 मास्टर प्लान सड़क शास्त्री ब्रिज के नीचे से बाणगंगा रेलवे क्रॉसिंग तक का नामकरण डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से करने की घोषणा की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी डॉ.मुखर्जी के व्यतित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ.मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया और उनका त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, पार्षद कमल वाघेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।