नीमच। आशा एवं आशा पर्यवेक्षक एकता यूनियन (सीटू) के बैनर तले जिले की आशा कार्यकर्ताओं ने समय पर वेतन भुगतान, वार्षिक वेतन वृद्धि सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मिशन संचालक के नाम डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे को सौंपा गया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर परिसर में बैठक की और इसके बाद रैली निकालकर अपनी मांगों का प्रदर्शन किया। ज्ञापन का वाचन अंगूर बाला अहीर ने किया।
आशा यूनियन की जिला अध्यक्ष कृष्णा कांटे, महासचिव रेखा व्यास और उपाध्यक्ष कांता अहीर ने बताया कि आशा कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बावजूद इसके उन्हें न्यूनतम वेतन और कई बार देरी से भुगतान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार तीन-तीन और चार-चार महीने तक वेतन नहीं दिया जाता, जबकि भुगतान के बाद भी पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया जाता। इसके साथ ही वार्षिक वेतन वृद्धि, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाओं को लेकर भी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय लगभग 6,000 रुपये है, जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है, जिससे परिवार का भरण-पोषण कठिन हो रहा है।
सीटू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक एवं विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिनिधि इस आंदोलन में शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।