इंदौर। मेवाड़ा माली समाज नवयुवक समिति, सकल पंच इंदौर ने बगिया रोड स्थित लक्ष्मी नगर में धर्मशाला का निर्माण कराया है। इस भवन का शुभारंभ 16 मार्च को किया जाएगा। इसी दिन युवक-युवती परिचय सम्मेलन और वरिष्ठजन सम्मान समारोह भी होगा। कार्यक्रम नई धर्मशाला में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगा।
समाज के संरक्षक संरक्षक मोहन लाल टांक, लक्ष्मीनारायण मौर्य, कल्लू सिंह सेंगर और बद्रीलाल मंसुरिया समेत कई गणमान्य लोग इस आयोजन के मार्गदर्शक हैं। एडवोकेट एम.डी. वर्मा अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट सुनील मुआला और संजय जलिया, संजय मंसुरिया उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष दिलीप पंचोरे व बबलू भनोपा, और मुकेश बरेड़िया सचिव के रूप में कार्यक्रम की बागडोर संभाल रहे हैं।
जनसहयोग से कराया मंदिर और धर्मशाला का निर्माण
अध्यक्ष एम.डी. वर्मा ने बताया कि समाज के सामूहिक योगदान से 45 लाख रुपए की लागत से श्री राम मंदिर और भवन बनाया गया है। यह भवन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शुभारंभ के दिन विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भवन को समाज को समर्पित किया जाएगा।
कई शहरों के प्रत्याशियों ने कराया पंजीयन
युवक-युवती परिचय सम्मेलन में अब तक 250 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। इंदौर के साथ राजगढ़, सीहोर, विदिशा और गुना से भी लोग इसमें शामिल होंगे। इस दौरान समाज के वरिष्ठजन और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का सम्मान भी किया जाएगा।