नीमच। इस्कॉन मंदिर नीमच द्वारा होली के पावन पर्व और भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के मिलित अवतार चौतन्य महाप्रभु का 540 वां प्राकृट्य दिवस बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर नीमच पर दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में आज दिनांक 13 मार्च 2025 को बारादरी चौराहे से नगर संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। फूलों से सजी बग्गी में भगवान श्री चौतन्य महाप्रभु एवं नित्यानंद प्रभु नगर संकीर्तन में बारादरी चौराहे से नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचेंगे। इस दौरान भक्तगण मृदंग और करताल की ताल पर हरे कृष्ण महामंत्र के साथ नृत्य करते नजर आएंगे। भारत माता चौराहा से टैगोर मार्ग, कमल चौक से फल मंडी होते हुए सब्जी मंडी चौराहे पर नगर संकीर्तन का समापन होगा। इसके पश्चात शाम को 8.30 बजे इस्कॉन मंदिर नीमच पर होलिका दहन विशेष पूजा की जाएगी।
इसी कड़ी में 14 मार्च को शाम 5.00 बजे इस्कॉन मंदिर नीमच पर भगवान श्री चौतन्य महाप्रभु का प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा। फूलों का विशेष श्रृंगार एवं 108 भोग अर्पित किए जाएंगे। भगवान पर विभिन्न रंगों के फूलों से वर्षा की जाएगी और फूलों की होली खेली जाएगी और महाप्रसाद एवं चरणामृत का वितरण किया जाएगा।