शाजापुर। जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र में मारपीट का विवाद सामने आया है। खेडावद गांव के दो युवकों के साथ मंगलाज गांव में मारपीट की गई। पीड़ित ने बताया कि वह और उनका साथी विकास भानमता सलसलाई से बाइक पर अपने गांव खेडावद लौट रहे थे इस दौरान मंगलाज गांव के धर्मेंद्र पाटीदार, जितेंद्र पाटीदार और नीरज पाटीदार ने उन्हें रोका और लाठी डंडों से वार कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों युवकों को धमकाया। उन्होंने कहा कि पुराने विवाद में थाने में शिकायत करने का बदला लेंगे। इसके बाद तीनों ने लाठियों से हमला कर दिया।
इस दौरान गणेश उर्फ बादल पाटीदार भी वहां आ गया और उसने भी मारपीट की हमले में दोनों युवकों के हाथ, पैर और पीठ में चोटें आईं। पीड़ितों के चिल्लाने पर लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई गई। उल्लेखनीय है कि दोनों गांवों के बीच 21 मार्च को भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत दोनों पक्षों ने थाने में की थी। इसी विवाद के चलते यह हमला किया गया।