उमरिया। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने रविवार को उमरिया में अपनी मांगों को लेकर पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस से सामुदायिक भवन तक डेढ़ किलोमीटर की रैली निकाली। इसके बाद साधारण सभा एवं महासमिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के 55 जिलों के जिला अध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष, ब्लॉक और तहसील अध्यक्ष शामिल हुए। जिसमें मुख्य रूप से स्थाई कर्मी, कोटवार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा, उषा सहयोगिनी और रसोईया भी मौजूद रहे।
बैठक में अप्रैल और मई में चार चरणों में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। पहले चरण में जिला कलेक्टरों को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। दूसरे चरण में संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। तीसरे चरण में प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया जाएगा। चौथे और अंतिम चरण में भोपाल में प्रदेश भर के कर्मचारी एकत्रित होकर बड़ी आमसभा करेंगे और धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ के प्रांत अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर भार्गव, महामंत्री अजय दुबे, संभागीय अध्यक्ष जबलपुर विपिन पिंपरी, शहडोल संभागीय अध्यक्ष सुरेश कुमार पांडे, भोपाल जिला अध्यक्ष राम कुंदन सेन, क्रांति सचिव भोपाल से प्रमोद उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष कमलेश पटेल के साथ-साथ बिरजू जाटव महिला आंगनवाड़ी प्रकोष्ठ से सुधा त्रिपाठी सरिता मिश्रा उपस्थित रहे।