नीमच। नगर पालिका में आज वार्ड नंबर 7 के रहवासियों ने क्षेत्र में काम नहीं होने को लेकर ढोल नगाड़े बजाकर अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। वार्डवासियों का कहना था कि हमारे क्षेत्र में काम नहीं हो रहे हैं, इसलिए हम नगरपालिका को जगाने आए है। वार्ड नंबर 6 और 7 के निवासी पहले तो पुरानी नगरपालिका पहुंचे। वहां कोई अधिकारी नहीं मिला तब वार्ड के नागरिक ढोल नगाड़े के साथ वर्तमान नगर पालिका पहुंचे। वार्ड नंबर 7 के रहवासियों का कहना था कि हमारे वार्ड में कोई काम नहीं हो रहा। सड़के खुदी पड़ी है। पूरा मार्ग धूल धूसरित होने के कारण नागरिकों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पानी की किल्लत है। विकास कार्य अवरुद्ध होने की वजह से हम लोग आज नगर पालिका को जगाने आए है। वार्डवासियों ने कहा कि हमारे द्वारा तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है।
यहां बताते चले की वार्ड नंबर 7 की पार्षद सुमित्रा पोरवाल द्वारा आज वार्ड में विकास कार्य कराए जाने की बात करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा का स्वागत सम्मान किया गया। वहीं दूसरी ओर उन्हीं के वार्ड के निवासियों द्वारा उसी समय विरोध प्रदर्शन किया गया।