भिंड। जिले के प्रभारी मंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया। इस बैठक में नल-जल योजना, जल गंगा संवर्धन अभियान योजना को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना की प्रगति को लेकर नाराजगी जाहिर की। मंत्री ने जब पौधा रोपण जैसे कार्यक्रम की समीक्षा की तो असंतोष जाहिर करते नजर आए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री पटेल ने श्जल गंगा संवर्धन अभियानश् की समीक्षा करते हुए कहा कि ये प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्त्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने कहा कि सूखते जल स्रोतों को बचाने के लिए सभी को मिलकर चिंतन और ठोस कार्य करने की जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ी को पेयजल संकट से न गुजरना पड़े।
खेत तालाब, नदी-तालाबों के निर्माण में आए तेजी
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण को जनभागीदारी से वृहद स्तर पर चलाएं। खराब हो चुके हैंडपंपों को हटाकर उन्हें वर्षा जल संरक्षण योग्य बनाया जाए। इसके अलावा खेत तालाब, नदी-तालाबों का निर्माण तेजी से कराएं।
पेयजल आपूर्ति पर फोकस
गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी प्रभारी मंत्री ने दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक पानी की समस्या से परेशान न हो, इसकी ठोस व्यवस्था की जाए। साथ ही, पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि कचौगरा में होमगार्ड जवान रेस्क्यू के दौरान शहीद हुए थे। उनके आश्रितों को होमगार्ड में नौकरी नहीं मिल पा रही है। जवान की पत्नी की यूपी की शिक्षा दीक्षा यूपी की है। परिवार के सपोर्ट के लिए सीएम से पर्सनल मुलाकात करूंगा।
उपार्जन केन्द्रों और सड़कों की स्थिति की समीक्षा
प्रभारी मंत्री पटेल ने गेहूं एवं सरसों उपार्जन के लिए बनाए गए केन्द्रों की समीक्षा करते हुए अव्यवस्था और विवाद से बचने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेकर समय सीमा में पूर्ण करने को कहा।
राजस्व, अतिक्रमण और बिजली परियोजनाओं पर चर्चा
बैठक में राजस्व महाअभियान के तहत नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा एवं आधार सीडिंग की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही जिले के मुक्तिधामों और मंदिरों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। एमपीईबी के कार्यों की समीक्षा में लहार, भिण्ड, मेहगांव और गोहद में चल रहे सबस्टेशन निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर स्पष्ट टाइमलाइन तय करने के निर्देश दिए।
अंत में प्रभारी मंत्री पटेल ने कहा कि योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, इसका ध्यान रखते हुए मैदानी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाए। सभी विभाग समयसीमा में कार्य पूर्ण करें और जनता को लाभ मिलना सुनिश्चित हो।
बैठक में नेताओं के समर्थकों ने कुर्सी घेरी
इस बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ उनके अधीनस्थ कर्मचारी बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे। वहीं, विधायकों के साथ उनके समर्थक भी जिला पंचायत की बैठक में पहुंच गए। इसके अलावा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष शिवांकर भदौरिया समेत अन्य कई नेतागण बैठक में कुर्सियों पर बैठे नजर आए। इन नेताओं के साथ उनके समर्थक भी मौजूद थे।
जब प्रभारी मंत्री ने बैठक ली तब वे मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की डांट फटकार व नाराजगी भी देखी। इससे अधिकारियों का मनोबल टूटा। वहीं, जिन अधिकारियों के साथ उनके अधीनस्थ कर्मचारी पहुंचे वे बैठक में खड़े नजर आए। इस बैठक से मीडिया को दूर रखा गया।
बैठक में भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, गोहद विधायक केशव देसाई, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।