हरदा। जिला अस्पताल में कलेक्टर आदित्य सिंह ने बुधवार को अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर को अस्पताल में कई कमियां दिखी। उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। सीएमएचओ डॉ.एचपी सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे।
अस्पताल में अव्यवस्था का अंबार
कलेक्टर सिंह ने अस्पताल परिसर में स्थित ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, नया ऑपरेशन थिएटर, प्रसूति ग्रह, पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। जहां उन्हें मरीजों के लिए लगाए गए एयर कूलर बिना पानी के चलते मिले। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला प्रबंधक देर से पहुंचे। मिशन के इंजीनियर अनुपस्थित मिले।
कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पोषण पुनर्वास केन्द्र की क्षमता के अनुसार बच्चे भर्ती नहीं थे। कम बच्चे भर्ती होने पर उन्होंने नाराजगी प्रकट की और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों समन्वय स्थापित कर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराएं। वहीं ब्लड बैंक में उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी प्रबन्धक से ली।
कलेक्टर ने भर्ती मरीजों के परिजनों से अस्पताल में मिलने वाले चाय, नाश्ता व भोजन की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली और मरीजों को गुणवत्तायुक्त चाय, नाश्ता और भोजन निर्धारित समय पर मिले यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बायोमेट्रिक सिस्टम से डॉक्टरों और कर्मचारियों की अटेंडेंस भेजने के निर्देश
डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी बायोमेट्रिक सिस्टम से रोज सुबह 8रू30 और रात 8रू30 बजे भेजने को कहा। अस्पताल की सफाई सुबह जल्दी शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और पब्लिक अनाउंसिंग सिस्टम हमेशा चालू रखने को कहा। सभी वार्डों की खिड़कियों में मच्छर रोधी जाली लगाने के निर्देश दिए। नए आईसीयू वार्ड का बचा काम जल्द पूरा करने को कहा।
कलेक्टर ने नये ऑपरेशन थिएटर का शेष कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर चालू कराने के निर्देश दिये। निर्माणाधीन नए भवन का काम भी देखा और एजेंसी को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। रिसेप्शन सेंटर पर हमेशा कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।