ग्वालियर। पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुस्सा फूटा है। ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने कहा इसे भारत की आत्मा पर आक्रमण बताया है। उन्होंने कहा कि इस हमले का ऐसा जबाव देंगे कि फिर कोई वापस ऐसा करने का सोचेगा भी नहीं। जिस जमीन पर आतंकी कार्यशैली पैदा होती है, उस जमीन को ही हम मिटाकर रख देंगे।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर अब हर नागरिक एक ही आवाज में इन आतंकियों को ऐसा जवाब देगा, जिससे फिर किसी आतंकी की हिम्मत नहीं होगी। सिंधिया ने कहा कि भारतीय पर्यटकों की निर्मम हत्याओं का, मासूम लोगों के कत्ल का भारत जवाब देगा।
खोज-खोजकर आतंकियों को मिटा देंगे
एक दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने कहा कि पहलगाम में आतंकी घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों को खोज- खोजकर निकालेंगे। अब आप देखते जाओ, भारत सरकार और जनता एक मत के साथ ऐसे तत्वों के विरुद्ध हर संभव एक्शन लेगी।
रोजगार मेले पर बोले-51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे
सिंधिया शनिवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में केन्द्रीय रोजगार मेले में शामिल होने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज बहुत बड़ा दिन है। एक तरफ आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और दूसरी तरफ भारत के युवाओं को शक्ति प्रदान करने के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब 51 हजार नौजवानों को रोजगार का नया अवसर दिया जाएगा। जब से रोजगार मेले की शुरुआत हुई है, तब से दस लाख युवाओं को केंद्र सरकार रोजगार दे चुकी है।
क्वांटम कंप्यूटिंग एक लंबी छलांग
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने क्वांटम कंप्यूटिंग पर कहा कि यह सिर्फ एक और कदम नहीं है, यह एक लंबी छलांग है, जो नवाचार को परिभाषित करेगी। भविष्य सिर्फ डिजिटल नहीं है, अब भविष्य क्वांटम है। क्वांटम कंप्यूटिंग का प्रभाव न केवल वैज्ञानिक खोज को बल्कि हमारे जीवन को भी प्रभावित कर रहा है। हम इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी को जानते हैं। पहले दशकों में परिवर्तन होते थे, फिर साल, महीने, दिन और अब घंटों में हो रहे हैं।
दोपहर को दिल्ली रवाना होंगे सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार रात 12 बजे ग्वालियर पहुंचे हैं। रात को जयविलास पैलेस में उन्होंने विश्राम किया है। इसके बाद वह अब सुबह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में हो रहे केन्द्रीय रोजगार मेले में भाग ले रहे हैं। उसके बाद वह दोपहर 12 बजे फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।