पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व ने पर्यटन वर्ष 2025-26 में पर्यटकों की संख्या और कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस सीजन में कुल 2 लाख 63 हजार 250 देशी-विदेशी पर्यटक पन्ना पहुंचे, जिससे रिजर्व को टिकट बिक्री से 8 करोड़ 77 लाख 99 हजार 418 रुपए की ऐतिहासिक आय हुई है।
पिछले पांच वर्षों में यहां पर्यटकों की संख्या और राजस्व में लगातार तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बाघों का कुनबा 100 के पार, शावकों ने मोहा मन
पन्ना टाइगर रिजर्व में इस समय छोटे शावकों को मिलाकर 100 से अधिक बाघ मौजूद हैं। बेहतर प्रबंधन के कारण इस साल पर्यटकों को बाघों के आसानी से दीदार हुए, जिसमें बाघिन पी-151 और उसके दो छोटे शावक सबसे बड़े आकर्षण रहे। इसके अलावा पर्यटकों ने केन नदी, दुर्लभ वनस्पतियों और केन घड़ियाल सेंचुरी का भी जमकर लुत्फ उठाया।
कोर जोन 1 अक्टूबर तक बंद, बफर एरिया खुला रहेगा
मानसून सीजन की शुरुआत होने के कारण पन्ना टाइगर रिजर्व का कोर जोन एरिया 1 जुलाई से आगामी तीन महीनों के लिए बंद कर दिया गया है। कोर क्षेत्र में अब सफारी 1 अक्टूबर से दोबारा शुरू होगी। हालांकि, पर्यटकों की सुविधा के लिए पन्ना-अकोला बफर क्षेत्र, प्रसिद्ध पांडव फॉल और रनेह फॉल बारिश के मौसम में भी खुले रहेंगे।
स्थानीय लोगों को मिल रहा नया रोजगार
डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र पटेल ने बताया कि पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या से केवल रिजर्व की कमाई ही नहीं बढ़ी है, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए आजीविका और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के लिए रिजर्व की टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। इस कमाई का एक बड़ा हिस्सा स्थानीय विकास कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।