चित्तौड़गढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चित्तौड़गढ़ के लिए आज का दिन एक बेहद गौरवपूर्ण उपलब्धि लेकर आया है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 22 स्वास्थ्य संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए स्टेट सर्टिफाइड (राज्य स्तर पर प्रमाणित) घोषित किया गया है।
इस विशेष उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तारा चंद गुप्ता एवं अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले के समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा प्रभारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई संदेश दिया है।
12 पैकेज के कड़े मानदंडों पर सफल रहे सब सेंटर
डॉ. तारा चंद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिले के इन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का कड़ा मूल्यांकन किया गया था। ये सभी सब सेंटर 12 आवश्यक पैकेजों (स्वास्थ्य सेवाओं व मापदंडों) पर पूरी तरह सफल घोषित किए गए हैं। गुणवत्ता मूल्यांकन में इन केंद्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उच्च स्कोर हासिल किया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को दर्शाता है।
इन केंद्रों को मिला स्टेट सर्टिफिकेशन
खण्ड बेगूं-बाघपुरा, चावंडिया, धमान्चा, दोराई, पीपल्दा, सोनागर, तुर्कड़ी, उमरथुना, खण्ड रावतभाटा - प्रतापपुरा, रोड़ी भंडी, टाकरदा, खण्ड चित्तौड़गढ़ -सेमलीया, सिरोड़ी, तुम्बड़िया, खण्ड गंगरार-रघुनाथपुरा, सादी, तुम्बड़िया, खण्ड बड़ी सादड़ी-मुझावा, पंडेड़ा, खण्ड कपासन रघुनाथपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शनिमहाराज, खण्ड भूपालसागर-सनवाता।
इन सभी केंद्रों ने 76 प्रतिशत से लेकर 88 प्रतिशत से अधिक का उत्कृष्ट फैसिलिटी स्कोर अर्जित कर राज्य स्तर पर जिला का नाम रोशन किया है।
अधिकारियों का संदेश गुणवत्ता और विश्वास का प्रतीक
डॉ घनश्याम चावला अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस अवसर पर बताया कि एनक्वास सर्टिफिकेशन मिलना इस बात का प्रमाण है कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को मिलने वाली प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। संक्रमण नियंत्रण, ओपीडी सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की संतुष्टि जैसे 12 महत्वपूर्ण पैकेजों पर यह सफलता टीम भावना का परिणाम है।
डॉ. तारा चंद गुप्ता ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस वर्ष 100 चिकित्सा संस्थानो को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर प्रमाणित करवाने का आह्वान किया है।