मंदसौर। जिला शिक्षा केंद्र (समग्र शिक्षा अभियान) मंदसौर द्वारा जारी आदेश के तहत पिपलिया मंडी विधायक प्रतिनिधि लोकेश कराड़ा को जिला स्तरीय नियुक्ति समिति का अशासकीय सदस्य मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया की अनुशंसा पर किया गया है।
इस नियुक्ति के बाद जिले के शिक्षा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला स्तरीय नियुक्ति समिति शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं नियुक्ति संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
लोकेश कराड़ा के मनोनयन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव एवं सक्रिय कार्यशैली का लाभ शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा तथा समिति के माध्यम से जनहित और शिक्षा विकास से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।
कराड़ा ने इस नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व, प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।