उज्जैन। बिहार में 5 से 9 मई तक आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश की मलखंब टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 में से 7 स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। खास बात यह रही कि अंतिम दो दिनों में व्यक्तिगत मुकाबलों में उज्जैन के देवेंद्र पाटीदार और सिद्धि गुप्ता ने धुआंधार प्रदर्शन किया। तकनीकी अधिकारी आशीष मेहता ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दौरान मध्यप्रदेश की मलखंब टीम ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया और देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया।पुरुष वर्ग में उज्जैन के देवेंद्र पाटीदार ने ऑलराउंड गोल्ड, पोल मलखंब और हैंगिंग मलखंब में स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा उन्होंने रोप मलखंब में रजत पदक भी जीता।महिला वर्ग में सिद्धि गुप्ता ने ऑलराउंड स्वर्ण के साथ-साथ पोल मलखंब में भी गोल्ड मेडल जीता। वहीं, उज्जैन के ही यतीन कोरी ने ऑलराउंड सिल्वर और पोल मलखंब में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
मलखंब फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मेनपाल ऐलवाल, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।टीम की इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच योगेश मालवीय को दिया गया, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।