नीमच। मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और गुरुवार को पूरे प्रदेश को कवर करने के साथ कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। हालांकि नीमच जिले में अब तक बारिश की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। जिले में इस सीजन में अब तक औसतन 6.10 इंच (155 मिमी) वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 10.33 इंच बारिश से करीब 4.23 इंच कम है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसान अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने नीमच व मंदसौर जिले के लिए आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के कई जिलों में नदी नाले उफान पर-
प्रदेश में गुरुवार को भोपाल, सीहोर, रतलाम, ग्वालियर, रीवा, दमोह सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई। सतना में आंधी और बारिश के दौरान महारानी लक्ष्मी बाई गर्ल्स स्कूल परिसर में एक बड़ा पेड़ गिरने से दो युवतियां घायल हो गईं, जबकि एक बाइक और सड़क किनारे लगा ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। दमोह जिले में नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
24 जून को प्रवेश, 09 दिन में पूरा प्रदेश कवर-
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने इस बार 24 जून को मध्यप्रदेश में प्रवेश किया और नौ दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। हालांकि सामान्य वर्षों की तुलना में मानसून की एंट्री करीब नौ दिन देरी से हुई।
नीमच-मंदसौर में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट-
मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला, डिंडौरी सहित अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, भोपाल सहित प्रदेश के अनेक जिलों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
नीमच जिले में पिछले साल की तुलना में कम बारिश-
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून से 2 जुलाई तक जिले में औसतन 6.10 इंच वर्षा दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों में नीमच में 6.93 इंच, सिंगोली में 6.39 इंच, जावद में 5.91 इंच तथा मनासा में 5.20 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 10.46 इंच, जावद में 10.47 इंच, सिंगोली में 13.13 इंच तथा मनासा में 7.28 इंच वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार जिले की सभी तहसीलों में पिछले वर्ष की तुलना में वर्षा का स्तर काफी कम है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश-
2 जुलाई की सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 0.69 इंच वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान जावद में सबसे अधिक 1.50 इंच वर्षा हुई, जबकि सिंगोली में 0.65 इंच, नीमच में 0.43 इंच और मनासा में 0.20 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार-
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक जिले में रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। यदि अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।