नीमच। जिले के मनासा निवासी पियूष पिता प्रकाश चंद्र धाकड़ ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के एक लाइनमैन पर अवैध वसूली और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय नीमच को एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार लाइनमैन रोहित व्यास ने शिकायतकर्ता के दादाजी के घरेलू कनेक्शन का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्य के लिए करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने व्यावसायिक उपयोग से इनकार किया और एक नए कनेक्शन के लिए आवेदन भी कर दिया था। आरोप है कि रोहित व्यास ने शिकायतकर्ता को यह कहते हुए धमकाया कि उनका बिजली चोरी का बिल 60-70 हजार रुपये बन रहा है। मामले को आगे न बढ़ाने के एवज में व्यास ने 17,500 रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 10 मई, 2025 को यह राशि व्यास को दे दी, लेकिन उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई। जब शिकायतकर्ता ने रसीद मांगी, तो व्यास ने उन्हें फिर से धमकाया। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि रोहित व्यास गांव में अन्य लोगों से भी अवैध वसूली कर रहा है और उन्हें रसीद नहीं दे रहा है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि रोहित व्यास के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें उनकी 17,500 रुपये की राशि वापस दिलवाई जाए। पीयूष धाकड़ ने बताया कि इस बारे में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से भी शिकायत की गई है।
