चित्तौड़गढ़। जिले के विकास को गति देने के लिए वित्त विभाग ने 1,600 विकास कार्यों के लिए कुल 437.5379 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के तहत शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, खेल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विकास कार्यों के पूरा होने से जिलेवासियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
शिक्षा क्षेत्र में 1,167 कार्यों को मंजूरी-
विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 479 कक्षा-कक्ष निर्माण कार्यों के लिए 111.83 करोड़ रुपये, 14 विद्यालय भवनों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये तथा 359 विद्यालय भवनों की मरम्मत के लिए 27.4589 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा 288 अन्य विद्यालय संबंधी कार्यों के लिए 51.40 करोड़ रुपये तथा 27 पेयजल आपूर्ति कार्यों के लिए 11.5450 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
चिकित्सा सुविधाओं को मिलेगी मजबूती-
जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए 27 मेडिकल इंस्ट्रूमेंट्स हेतु 2.83 करोड़ रुपये, कैथ लैब के लिए 6 करोड़ रुपये और एमआरआई मशीन के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इन कार्यों में मैनिफोल्ड एवं ऑक्सीजन प्लांट, 300 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए वेटिंग एरिया एवं पेशेंट अटेंडेंट शेल्टर, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट तथा क्रिटिकल केयर सपोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कबड्डी खेल अकादमी के लिए 4 करोड़ रुपये-
‘पंच गौरव’ कार्यक्रम के तहत ‘एक जिला, एक खेल’ के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ में कबड्डी खेल अकादमी के निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
गंभीरी नदी पर बनेगा 15 करोड़ का रिवर फ्रंट-
चित्तौड़गढ़ शहर में गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे नदी क्षेत्र का व्यवस्थित विकास और शहर के सौंदर्यीकरण के साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
चार प्रमुख सड़क एवं पुल परियोजनाओं को 34.75 करोड़
मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के तहत जिले में चार प्रमुख कार्यों के लिए कुल 34.75 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत/प्रावधानित की गई है। इनमें—
आसावरा से तेजपुरिया की ढाणी MDR-11 तक 6.30 किलोमीटर सड़क — 8.85 करोड़ रुपये
ओराई नदी पर भुंगडिया-फुसरिया रोड पर पुलिया निर्माण — 6 करोड़ रुपये
पहुंना बाईपास की 6 किलोमीटर सड़क — 10 करोड़ रुपये
निम्बाहेड़ा करथाना फाटक से बडोलीघाटा-शाहाबाद तक 8.50 किलोमीटर सड़क — 9.90 करोड़ रुपये
शामिल हैं। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क और आवागमन सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।
विकास कार्यों को लेकर सांसद-विधायक के प्रयास-
इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति में चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है।
कुल 437.54 करोड़ रुपये के 1,600 विकास कार्यों की स्वीकृति जिले में विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं से शिक्षा, चिकित्सा, खेल, पेयजल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।