चित्तौड़गढ़। यूआईटी चित्तौड़गढ़ की ओर से कपासन-भीलवाड़ा रोड पर विकसित की जा रही पद्मिनी विहार आवासीय योजना का मंगलवार को विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुभारंभ किया। योजना के तहत 663 आवासीय भूखंडों के ई-नीलामी के माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। योजना के विकसित होने से क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय विस्तार को गति मिलने के साथ आमजन को बेहतर एवं व्यवस्थित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
आमजन की आवासीय जरूरतों को पूरा करने की पहल-
शुभारंभ अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पद्मिनी विहार योजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यूआईटी द्वारा विकसित की जा रही यह योजना आमजन की आवासीय आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विधायक ने यूआईटी अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन, आवेदन प्रक्रिया एवं आवेदकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि योजना को आमजन की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित तरीके से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आवेदन एवं आवंटन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चौड़ी सड़कें, गार्डन और चिकित्सा सुविधा का प्रावधान-
जिला कलक्टर ने बताया कि पद्मिनी विहार आवासीय योजना में नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। योजना में चौड़ी सड़कें, गार्डन, चिकित्सा सुविधा सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इससे क्षेत्र में सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय वातावरण विकसित होने की उम्मीद है।
18 अगस्त से 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन-
यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर ने बताया कि कपासन-भीलवाड़ा रोड स्थित पद्मिनी विहार आवासीय योजना में आवासीय भूखंड की दर 1,400 रुपये प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। योजना के लिए 18 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। योजना में कुल 663 आवासीय भूखंड ई-नीलामी के माध्यम से आवंटन के लिए उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि योजना को सुनियोजित तरीके से विकसित करने के साथ आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। योजना के शुभारंभ से क्षेत्र में आवासीय विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में हर्षवर्धन सिंह, अनिल इनानी, गौरव त्यागी, ओमप्रकाश शर्मा, हरीश इनानी, भूमि अवाप्ति अधिकारी अंशुल आमेरिया सहित यूआईटी के अधिकारी एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।