मनासा। ग्राम देवरी खवासा से पाटीदार समाज के 27 श्रद्धालु हाल ही में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और हरिद्वार सहित चारों धाम की सफल यात्रा कर सकुशल अपने गांव लौट आए। 14 पुरुष और 13 महिलाओं के गांव पहुंचने पर जगह-जगह फूल वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
चारों धाम की पवित्र यात्रा पूर्ण कर लौटे सभी श्रद्धालुओं ने गांव के विभिन्न मंदिरों में जाकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया और सफल यात्रा के लिए धन्यवाद अर्पित किया। गांव में धार्मिक वातावरण का निर्माण करते हुए सभी यात्रियों के द्वारा पूजन-अर्चन कर एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता निभाई। पूरे गांव में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।