नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम मेडकी में पैतृक संपत्ति को लेकर दो विधवा बहनों जगन्नाथी बाई और सीताबाई पर जानलेवा हमला किया गया है। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर दी गई शिकायत के अनुसार 23 और 25 मई को आरोपीगण गोपाल छगनलाल बोहरा और धर्मेश पिता रमेश चंद्र बोहरा निवासी अठाना दरवाजा जावद ने पीड़ितों की जमीन पर आकर उन्हें धमकाया और फिर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने और उनकी संपत्ति हड़पने की धमकी भी दी है। पीड़ित बहनों का कहना है कि उन्होंने जावद थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी प्रभावशाली होने के कारण पुलिस को प्रभावित कर रहे हैं। पीड़ितों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
