नीमच। जिले के जीरन में एक भूमि विवाद को लेकर पुलिस अधीक्षक को आज शब्बीर हुसैन पिता ताहिर अली बोहरा और उनके परिजनों ने लिखित आवेदन देकर शिकायत की है। प्रार्थीगणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत कर बताया है कि उनकी सर्वे क्रमांक 613, 614, 616, 617, 618 की स्वामित्व वाली भूमि पर, जिसके पक्ष में कई अदालती निर्णय भी हैं, उस भूमि को हरदेव भाटी और सत्यप्रकाश पाटीदार ने धोखाधड़ी कर अवैध रूप से बेच दिया है।
बोहरा परिवार द्वारा की गई शिकायत के अनुसार अब क्रेता ज्योति प्रकाश पिता बाबूलाल निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान इस भूमि पर बलपूर्वक कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आज और 30 अक्टूबर 2024 को, नीमच के देवकीनंदन, रघुनंदन जाट, ज्योतिप्रकाश टांक और बाहुबलियों ने कथित तौर पर प्रार्थीगणों की फूलों की खेती को हांककर उनकी ज़मीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। प्रार्थीगणों ने पुलिस अधीक्षक से तत्काल कानूनी कार्रवाई और अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है।