नीमच। देश के विभिन्न शहरों में कोरोना दस्तक दे चुका है। नीमच के नजदीकी क्षेत्रों में भी कोरोना की आहट सुनाई दे रही है। जिसे लेकर नीमच जिले का स्वास्थ्य अमला भी अलर्ट मोड पर है। इस बार कोरोना वायरस का जेएफ-7 और जेएन-1 वेरिएंट तेजी से पैर पसार रहा है। नीमच से बहुत गहरा ताल्लुक रखने वाले शहर उदयपुर और इंदौर में भी कोरोना के आमद की खबरें आ रही है। जिसे लेकर नीमच के जिला अस्पताल में पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ महेंद्र पाटिल ने बताया कि पिछले अनुभव के आधार पर सारी तैयारी और व्यवस्थाएं आवश्यकता अनुसार की जा रही है। सरकार के जो भी निर्देश आएंगे उसके हिसाब से रणनीति बनाकर आगामी कार्य किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में 180 ऑक्सीजन बेड है। कोरोना वार्ड भी तैयार है।
डॉक्टर पाटिल ने बताया कि दवाइयां और ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर पर्याप्त मात्रा में है। कोरोना जांच के लिए हमारे पास किट उपलब्ध है। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। इस बारे में जैसे ही निर्देश आएंगे सैंपल लेकर निर्दिष्ट लेब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। पीपीई किट और एन 95 मास्क का भी संतोषजनक स्टॉक है। कुल मिलाकर डॉक्टर्स की बात पर भरोसा किया जाए तो कोरोना से सामना करने के लिए नीमच का स्वास्थ्य विभाग कमर कस कर तैयार है।
गौरतलब है कि देशभर में वर्तमान में 260 केस सामने आए हैं। अगर आंकड़ों की बात की जाए तो पिछली बार तीनों लहर में जिले में करीब 9500 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए थे। वहीं जिले में करीब 250 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि नीमच में अभी तक कोरोना पॉजिटिव का कोई केस सामने नहीं आया है। चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में कोरोना से घबराने की कोई जरूरत नहीं है।