नीमच। उपनगर नीमच सिटी के वार्ड क्रमांक 1 स्थित त्रिवेणी नगर चावला कॉलोनी के लगभग 100 से अधिक परिवारों ने मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर जिला कलेक्टर महोदय से हस्तक्षेप की मांग की है। कॉलोनीवासियों ने एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से पेयजल, बिजली के कम वोल्टेज, खराब स्ट्रीट लाइट, सड़कों पर कीचड़ और बार-बार चोक होने वाली सीवरेज लाइनों जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान करने की गुहार लगाई है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि यहां बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे लो-वोल्टेज के कारण घरों के उपकरण खराब हो रहे हैं। पीने के पानी के लिए भी पाइपलाइन की सुविधा नहीं है। बारिश के मौसम में पूरी कॉलोनी कीचड़ से भर जाती है, जिससे छोटे बच्चों का घर से निकलना भी दूभर हो जाता है और वे अक्सर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। सबसे बड़ी समस्याओं में से एक सीवरेज सिस्टम भी है, जो आए दिन चोक हो जाता है, जिससे निवासियों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
समस्त कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि वे नगर पालिका और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि त्रिवेणी नगर के निवासियों को जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएँ मिल सकें और वे सम्मानजनक जीवन जी सके।