छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास के पास बनी शिव आदित्य रेसीडेंसी के रहवासी मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी कॉलोनी में व्याप्त बिजली और पानी की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
कॉलोनी के रहवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनाइजर द्वारा उनकी कॉलोनी का अब तक पूरा विकास नहीं किया गया है। बीएल झावरे ने बताया कि कॉलोनाइजर ने कॉलोनी के निर्माण के समय बड़े-बड़े सपने दिखाकर मकान बेचे थे। लेकिन, अब वह अपने वादों से मुकर रहा है। कॉलोनी में अभी भी करीब 150 परिवार रह रहे हैं, जिनके लिए बुनियादी सुविधाएं पूरी नहीं की गईं।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि कॉलोनाइजर ने स्ट्रीट लाइट बंद कर दी है और पानी की सप्लाई भी बंद करने की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा, कॉलोनीवासियों से बिजली-पानी का बिल खुद ही वसूलने की बात कही जा रही है। इसको लेकर सभी ने कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह से मुलाकात की।
कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
कलेक्टर ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने रेरा में शिकायत दर्ज कराने की भी बात कही। कॉलोनीवासी अब आगे की कार्रवाई के लिए तैयार हैं और जल्द ही रेरा में शिकायत दर्ज करेंगे।