खरगोन। शहर के डायवर्सन रोड़ पर जिला प्रशासन ने डिवाईडर के बीच छोड़ी गई करीब 30 फीट से अधिक की जगह का रास्ता अब बंद कर दिया है। यह रास्ता न्यू राधावल्लभ मार्केट में जाने के लिए आवाजाही हो रही थी। क्रासिंग रास्ता बंद होने के बाद अब इस निर्णय का विरोध भी हो रहा है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे व्यापारियों ने न्यू राधावल्लभ मार्केट में दुकानें बंद रख डायवर्सन रोड पर प्रदर्शन किया। आरती टॉकिज के सामने प्रदर्शन के दौरान एक और मार्ग की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई, जिससे कुछ ही देर में मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान उत्साही प्रदर्शनकारी मार्ग के दूसरी और भी पहुंच गए, यहां यात्री बस के सामने लेटते हुए बस चालक से बहसबाजी भी की, हालांकि कुछ लोगों के समझाने पर एक ही ओर का रास्ता बंद कर प्रदर्शन किया। एसडीएम बीएस कलेश व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें समझाईश दी। करीब एक घंटे चले प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन रोक दिया, और मार्ग पर आवाजाही शुरु हो गई।