रतलाम। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 के कचरा वाहन चालक और क्लीनर ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। दोनों कर्मचारियों ने अलकापुरी चौराहे पर मिले 50 हजार रुपए, पर्स और आधार कार्ड से भरे बैग को उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया।
घटना मंगलवार सुबह की है, जब रोटरी क्लब ऑफ रतलाम डायमंड के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा अलकापुरी चौराहे से बाइक पर गुजर रहे थे। स्पीड ब्रेकर पर से गुजरते समय उनका बैग गिर गया, जिसमें भुगतान के लिए ले जा रहे 50 हजार रुपए थे। बैग नहीं मिलने पर वे औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत करने जा रहे थे, तभी उन्हें फोन आया।
नगर निगम कर्मचारी ने वापस लौटाया
नगर निगम के कचरा वाहन चालक सुनील हरौंड और उनके सहायक लखन चावरे को अलकापुरी चौराहे पर यह बैग मिला था। दोनों कर्मचारियों ने बैग में रखे आधार कार्ड पर दिए नंबर से शर्मा को संपर्क कर बैग लौटाया।
इस ईमानदारी के लिए समाजसेवी सुरेश तंवर, नारू राठौड़ और दारोगा चंदन की उपस्थिति में दोनों कर्मचारियों का विशेष सम्मान किया गया।