नीमच। जिले के डीकेन ब्लॉक, मनासा-पालसोडा स्थित चिकित्सा विभाग के अंतर्गत कार्यरत आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इन कर्मचारियों का आरोप है कि उनका भविष्य निधि (पीएफ) भी खातों में जमा नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपे गए एक आवेदन में बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से अस्थाई रूप से सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। वे नियमित रूप से अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक का वेतन नहीं मिला है। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर के आदेशानुसार आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में 2000 की वृद्धि की जानी थी, लेकिन यह वृद्धि भी अभी तक लागू नहीं की गई है।
कर्मचारियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे 06 मई 2025 को भी इस संबंध में आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि उनका बकाया वेतन तुरंत दिलवाया जाए और भविष्य में नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के साथ-साथ पीएफ खातों में राशि जमा करवाने और वेतन वृद्धि लागू करने के लिए विभाग व ठेकेदार को निर्देशित किया जाए।