मुरैना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिलाईथा गांव में फायरिंग की घटना के विरोध में महिलाओं ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और पहले तैनात किए गए सुरक्षा गार्ड को फिर से लगाने की मांग की है।
सिलाईथा निवासी आरती शर्मा और रेनू शर्मा ने एसपी से मुलाकात कर बताया कि 25 मई की रात कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से आए और उनके घर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के समय घर में सिर्फ महिलाएं और छोटे बच्चे थे।
पुलिस को दी गई सूचना, गोलियों के निशान मिले
महिलाओं ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घर की दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति जेल में, शादी की तैयारी में थीं महिलाएं
फरियादियों ने बताया कि उनके पति हत्या के एक मामले में जेल में हैं। वे घर पर अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में लगी थीं। लेकिन फायरिंग की घटना से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने कहा कि पहले घर पर एक सुरक्षा गार्ड तैनात था, लेकिन अब कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।
एसपी से की सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग
महिलाओं ने एसपी से मांग की कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके घर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही पहले तैनात किए गए सुरक्षा गार्ड को फिर से नियुक्त किया जाए ताकि परिवार सुरक्षित महसूस कर सके।