उज्जैन। महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच आये दिन होने वाले विवाद को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को ट्रेनिंग दी जा रही है कि उनका यहां आने वाले भक्तों के प्रति कैसा व्यवहार होना चाहिए। महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने पहले दिन 100 सुरक्षा कर्मियों को ट्रेनिंग दी। उन्हें बताया कि भक्तों से कैसे बात करें और जरूरत पड़ने पर मदद करें, ताकि मंदिर और शहर की छवि खराब न हो।
ऑल इंडिया बाइक राइडर नैना अपने पति के साथ 20 मई को महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंची थीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर किया। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि महाकाल के दर्शन करने से पहले मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड ने उनके साथ अभद्रता की। जिससे दुखी होकर वे दर्शन किए बगैर ही घर लौट गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
इस वीडियो पर 25 हजार से अधिक लोगों ने कमेंट्स किए। इसके बाद महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल, एएसआई चंद्रभान सिंह के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट बदलने से पहले सबको मंदिर परिसर में एक जगह इक्कठा कर श्रद्धालुओं से अच्छे व्यवहार की ट्रेनिंग दी। ऐसा मंदिर में आये दिन होने वाले विवाद को खत्म करने के लिए किया जा रहा है। मंदिर में अधिकांश विवाद सुरक्षाकर्मियों और दर्शनार्थियों के बीच होते हैं।
टीआई गगन बादल ने बताया कि
सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धालुओं से अच्छे से पेश आने, उनके पूछने पर समझाने, मंदिर के नियम समझाने और फोटो वीडियो के लिए मना करते वक्त संयम बरतने की सलाह दी है। यह ट्रेनिंग अब सभी सुरक्षाकर्मियों को दी जाएगी।