इंदौर। विकास प्राधिकरण (आईडीए) के संचालक मंडल की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें तय किया गया कि सुपर कॉरिडोर पर पेयजल संकट दूर करने के लिए दो बड़ी टंकियों का निर्माण किया जाएगा। इस काम के लिए 90 करोड़ खर्च होंगे। इसी क्षेत्र में विकसित हो रहीं टाउनशिप, मल्टी, होटल आदि से जो गंदा पानी निकलेगा, उसका ट्रीटमेंट करने के लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया जाएगा। इस काम के लिए करीब 17 करोड़ खर्च होंगे। वहीं आईडीए द्वारा विभिन्न योजनाओं में छोटे प्लॉट, फ्लैट, दुकानों की बिक्री के लिए मेला लगाया जाएगा।
बैठक में संभागायुक्त व चेयरमैन दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, निगमायुक्त शिवम वर्मा, डीएफओ प्रदीप मिश्रा, सीईओ रामप्रकाश अहिरवार, संयुक्त संचालक टीएंडसीपी डॉ. शुभाशीष बैनर्जी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। टीपीएस-10 के तहत कान्ह नदी और एमआर-12 पर ब्रिज निर्माण के लिए कंसल्टेंट की नियुक्ति की जाएगी। योजना क्रमांक 78 प्रथम फेस-2 में औद्योगिक उपयोग के भूखंड क्रमांक 341 को भारतीय खाद्य निगम मंडल को आवंटित करने का निर्णय लिया गया।