इंदौर। विधानसभा क्षेत्र-5 के वार्ड 50 में डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली स्टॉर्म वाटर लाइन के काम का आज भूमिपूजन हुआ। महापौर पुष्य मित्र भार्गव बोले-हमें विकास को चरणबद्ध तरीके से समझना होगा। 25 साल पहले इंदौर में सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। पहले चरण में बीजेपी की नगर निगम सरकार ने शहर में सड़क बनाने का काम किया। दूसरे चरण में ड्रेनेज लाइन का काम किया, तीसरे चरण में नर्मदा जल की पाइप लाइन बिछाई और घर-घर पानी पहुंचाया। चौथे चरण में शहर की जल वितरण प्रणाली को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।
महापौर ने वार्ड-50 की सड़क की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए एक करोड़ रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की। वे बोले हमारा लक्ष्य है कि जलभराव की समस्या को पूरी तरह खत्म कर दें। इसके लिए शत-प्रतिशत स्टॉर्म वाटर लाइन का काम जरूरी है और नगर निगम इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है। जहां-जहां गंभीर समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर ये काम किया जा रहा है।
1100 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई
महापौर ने बताया कि पिछले तीन साल में इंदौर में 1100 किमी लंबी पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाई गई है, जिससे आने वाले कई सालों तक शहर के लोगों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही करीब 900 किमी की ड्रेनेज लाइन का काम किया जा चुका है, ताकि ड्रेनेज संबंधी परेशानियों से मुक्ति मिले।
वे बोले शहर में पहली बार 23 मास्टर प्लान की सड़कें बन रही हैं। साथ ही ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए 22 छोटे-बड़े पुल-पुलिया बनाने का काम किया जा रहा है, जो जल्द ही इंदौरवासियों को समर्पित किए जाएंगे। इस मौके पर एमआईसी मेंबर राजेश उदावत, क्षेत्रीय पार्षद राजीव जैन सहित क्षेत्रीय रहवासी इस प्रोग्राम में शामिल हुए।