उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद की सुविधा के लिए लगाई गई वेंडिंग मशीन को हटा दिया गया है। यह मशीन दिसंबर 2024 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुरू की थी।
कोयंबटूर की 5जी टेक्नोलॉजिस कंपनी ने यह मशीन दान में दी थी। मशीन अवंतिका गेट क्रमांक-1 पर लगाई गई थी। मशीन में क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करने पर प्रसाद का पैकेट मिलता था। एक बार में 130 पैकेट रखने की क्षमता वाली यह मशीन लगातार तकनीकी खराबी का सामना कर रही थी।
मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल के अनुसार श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए मशीन को हटाकर वहां काउंटर लगाने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में मंदिर परिसर और महाकाल महालोक में सात प्रसाद काउंटर हैं। यहां 100 ग्राम से लेकर एक किलो तक के पैकेट में लड्डू प्रसाद उपलब्ध है। प्रसाद की कीमत 50 रुपए से 400 रुपए तक है। श्रावण मास और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त काउंटर भी लगाए जाते हैं।
यह परेशानी होती थी
मशीन में आए दिन तकनीकी खराबी के कारण श्रद्धालुओं के पैसे कट जाते थे, लेकिन प्रसाद के पैकेट नहीं मिल पाते थे। कई बार विद्युत आपूर्ति के कारण मशीन बंद होकर रह जाती थी। मशीन की पूरी प्रक्रिया करने में श्रद्धालुओं को समय लगता था। कई बार बड़े प्रसाद के पैकेट नहीं निकल पाते थे।
कई बार श्रद्धालुओं द्वारा क्यूआर कोड स्केन की प्रक्रिया के बाद मशीन हैंग हो जाती थी, जिसके कारण प्रसाद मिलने में समय लगता था। कई बार प्रसाद के पैकेट बाहर ही नहीं आते थे। श्रद्धालु शिकायत लेकर मंदिर कार्यालय तक पहुंचते थे।