भोपाल। कटनी एसपी अभिजीत रंजन, दतिया के एसपी वीरेंद्र कुमार, चंबल रेंज के आईजी सुशांत कुमार सक्सेना और डीआईजी कुमार सौरभ को हटा दिया गया है। खुद सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर इन अधिकारियों को हटाए जाने की जानकारी दी है।
गृह विभाग ने रविवार रात में इन चार अधिकारियों के साथ ही कुल 10 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए है। इसमें मंत्री विजय शाह के बयान मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी टीम के मुखिया प्रमोद वर्मा का भी ट्रांसफर कर दिया गया है।
अभिनव विश्वकर्मा कटनी और सूरज वर्मा दतिया के नए एसपी
कटनी एसपी अभिजीत रंजन और दतिया एसपी वीरेन्द्र कुमार मिश्रा दोनों को एआईजी के रूप में पुलिस मुख्यालय, भोपाल में अटैच किया गया है। डीसीपी इंदौर अभिनव विश्वकर्मा को कटनी का नया एसपी बनाया गया है। जबकि सूरज वर्मा, सेनानी प्रथम वाहिनी, इंदौर को दतिया का नया एसपी बनाया गया है।
सचिन अतुलकर चंबल के नए आईजी, सुनील कुमार डीआईजी
आईजी चंबल सुशान्त कुमार सक्सेना और डीआईजी चंबल कुमार सौरभ को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। सुशांत कुमार सक्सेना की जगह सचिन कुमार अतुलकर, डीआईजी, छिंदवाड़ा को चंबल का नया आईजी बनाया गया है। जबकि कुमार सौरभ की जगह डीआईजी सागर सुनील कुमार जैन को चंबल का नया डीआईजी बनाया गया है।
गृह विभाग से जारी आदेश में मंत्री विजय शाह के मामले में जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के मुखिया प्रमोद वर्मा का भी तबादला किया गया है। सागर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा को जबलपुर रेंज का आईजी बनाया गया है। उनकी जगह चंद्रशेखर सोलंकी आईजी, विसबल, इंदौर को सागर का नया आईजी बनाया गया है।