भोपाल। उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि अफसर स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यों की मॉनिटरिंग करें और समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं। संभागीय स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। हर 15 दिवस में राज्य स्तर पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा होगी।
डिप्टी सीएम शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 15वें वित्त आयोग एवं प्रधानमंत्री आयुष्मान भारतदृ स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के अंतर्गत निर्माण एवं विकास कार्यों की संभागवार वृहद समीक्षा की। शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य बने, इसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय और सक्रियता जरूरी है।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में जांच के लिए मशीनें होने के बाद भी उसे चलाने के लिए कर्मचारी न होने का मामला उठा। इस पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि टेक्निकल कार्यों की निगरानी करें और तकनीकी मैनपावर की व्यवस्था की जाए। इसके लिए एक मजबूत मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया जाए।