सिंगरौली। जिले के बैढ़न स्थित वार्ड नंबर 41 के गनियारी क्षेत्र में बिजली के खंभों की समस्या गंभीर बनी हुई है। स्थानीय निवासियों को अपने खर्च पर बांस-बल्ली के सहारे घरों तक बिजली के तार पहुंचाने पड़ रहे हैं।
शांति नगर कॉलोनी के निवासी कई वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। बांस-बल्ली पर लटके तारों से जुड़ी कई परेशानियां हैं। मवेशियों के टकराने से खंभे गिर जाते हैं। आंधी-बारिश में बांस टूटने या उखड़ने से तार टूट जाते हैं। बारिश के मौसम में सड़कों पर करंट का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी विनोद केशरी ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रीना देवी ने कहा कि बिजली कनेक्शन तो मिला है, लेकिन खंभे न होने से बार-बार परेशानी होती है।
वार्ड पार्षद के पति अर्जुन गुप्ता ने बताया कि नगर निगम को पत्र लिखा गया है। सर्वे के बाद खंभे लगाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वार्ड नंबर 41 में 200 से अधिक बिजली के खंभों की मांग की गई है।
बिजली विभाग नियमित रूप से बिल की वसूली कर रहा है, लेकिन बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं करा रहा है।
बिजली कंपनी के शहर अधीक्षण यंत्री हेमंत चौधरी का कहना है कि नगर निगम से अगर कोई प्रस्ताव आता है तो हम उसे पर सर्वे कर बिजली के पोल लगाने का काम करते हैं। आप जो एरिया बता रहे हैं, अगर वहां से कोई प्रस्ताव आएगा तो हम जल्द ही वहां बिजली की प्रॉपर व्यवस्था करेंगे।
वहीं नगर निगम कमिश्नर डीके शर्मा ने बताया कि नगर निगम में बिजली का अपना एक बजट होता है। इसके आधार पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम होता है। आपने जो इलाका बताया है, अगर वहां पर बिजली के खंभे नहीं हैं तो हम जल्दी ही प्रयास करेंगे कि वहां की व्यवस्थाएं भी ठीक कर लें।