हरदा। मूंग की फसल की खरीदी जल्द शुरू करने की मांग को लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात कर मूंग की खरीदारी शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत पंजीयन शुरू करे और समर्थन मूल्य पर खरीदी का आदेश जारी करे, वरना किसान मंडियों में मूंग औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर होंगे।
1.5 लाख हेक्टेयर में मूंग की बुवाई
गुर्जर महासभा अध्यक्ष रामकृष्ण दुगाया ने बताया कि हरदा जिले में करीब 1.5 लाख हेक्टेयर में मूंग की फसल हुई है। किसानों को उम्मीद थी कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी करेगी, जिससे आर्थिक हालात बेहतर होंगे। लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई निर्देश नहीं आए हैं।
समर्थन मूल्य नहीं मिला तो 1500 रु. प्रति क्विंटल का नुकसान
किसान आक्रोश मोर्चा से जुड़े सुनील राजपूत ने कहा कि समर्थन मूल्य की खरीदी नहीं शुरू होने से किसान मूंग की उपज को मंडी में 1 से 1.5 हजार रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं। इससे किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है।
शांति जैसानी ने बताया कि हर साल अप्रैलदृमई में मूंग खरीदी के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। लेकिन इस साल अब तक न कोई आदेश आया, न कोई गतिविधि शुरू हुई। इससे किसानों में नाराजगी है।
4 जून से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि सरकार ने जल्द खरीदी प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो 4 जून से जिले में किसान अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
कलेक्टर ने दिया आश्वासन
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि किसानों की मांग को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने मंडी सचिवों और व्यापारियों से भी चर्चा कर उचित दाम दिलाने की कोशिश का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने यह भी कहा कि मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक से पहले किसानों की मांग शासन तक पहुंचा दी जाएगी।