हरदा। मध्य प्रदेश में मूंग की सरकारी खरीद न होने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। हरदा के किसान आक्रोश मोर्चा ने 4 जून से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश सरकार हर साल अप्रैल-मई में मूंग खरीदी का पंजीयन शुरू करती है। इस बार अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हरदा की मंडियों में पिछले 20-25 दिनों से नई मूंग की आवक जारी है।
मंडी भाव एमएसपी से 1500 रुपए कम
केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2024-25 के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8 हजार 682 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। वर्ष 2025-26 में ये बढ़कर 8 हजार 768 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। लेकिन मंडी में किसानों को 5 हजार 500 से 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल के बीच भाव मिल रहे हैं।
किसानों को हो रहा 80 से 90 लाख का नुकसान
मंडी सूत्रों के अनुसार, हरदा मंडी में इस बार मात्र 20 हजार क्विंटल मूंग की आवक हुई है। पिछले साल ये 50 हजार क्विंटल से ज्यादा थी। कम भाव के कारण किसानों को हर रोज 80 से 90 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है।
जल्द मूंग खरीद शुरू करने की मांग कर रहे किसान
किसान लगातार भाजपा नेताओं और मंत्रियों को ज्ञापन देकर समय पर मूंग खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं। मंडी प्रशासन का कहना है कि बारिश होने के चलते मूंग में नमी की वजह से कम दाम मिल रहे हैं।साफ और सूखे मूंग के दाम 7 हजार 900 प्रति क्विंटल तक मिला है।