नीमच। जिले के गांव लोलपुरा नवलपुरा में किसान मोतीलाल, रूपलाल और कैलाश अपनी कृषि भूमि तक पहुँचने के लिए रास्ता विवाद से जूझ रहे हैं। जिसे लेकर आज जिला कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में आवेदन दिया गया है। रूपलाल ने आवेदन में कहा है कि परमानंद और शांतिलाल ने उनके पैतृक रास्ते सर्वे नंबर 163/5 को बंद कर दिया है। किसानों ने पहले तहसीलदार के पास आवेदन किया, जिन्होंने रास्ता खोलने के अंतरिम आदेश दिए थे, लेकिन विपक्षीगण ने इसका पालन नहीं किया। किसानों ने एस.डी.एम. के पास भी अपील की। आवेदन में चौंकाने वाली बात यह है कि तहसीलदार और पटवारी एक ऐसे रास्ते का उल्लेख कर रहे हैं जो मौके पर मौजूद ही नहीं है। रूपलाल ने बताया कि पिछले साल भी इस वजह से खेती नहीं कर पाए थे। अब अधिकारियों से मौके पर आकर रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई विवाद होता है तो इसकी जिम्मेदारी तहसीलदार, नीमच ग्रामीण की होगी। रूपलाल ने बताया कि पिछली सात जनसुनवाई से हम निरंतर आवेदन दे रहे हैं।लेकिन इसके बावजूद तहसीलदार नीमच ग्रामीण और मौजा पटवारी द्वारा रास्ता चालू करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।