खरगोन। शहर के मुख्य मार्गाे पर पसरे अस्थायी अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर नपा प्रशासन ने मुहिम तो शुरु कर दी है लेकिन कार्रवाई पर सवाल भी उठने लगे है। मंगलवार को अमला पूरे जोश के साथ मैदान में उतरा।
नगरपालिका प्रभारी राजस्व अधिकारी महेश वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी राजेंद्र चौहान दो जेसीबी मशीन, ट्रेक्टर-ट्राली, लोडिंग टेंपों सहित करीब 30 से अधिक कर्मचारी लेकर कार्रवाई के लिए सड़क पर उतरे। बस स्टेंड परिसर में पहुंचते ही, दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करने लगे। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध दर्ज कराते हुए झूमाझटकी भी की। हालांकि कर्मचारियों की संख्या अधिक होने से जिसके जो हाथ लगा उठाकर ट्रेक्टर-ट्राली, टैम्पों में डाल लिया। इसके बाद अमले की कार्रवाई में नरमी देखी गई। बस स्टेंड परिसर के बाहर निकलते ही दुकानदारों को केवल मुनादी कर हिदायत देते हुए अमला आगे बढ़ गया। इस पर व्यापारियों ने सवाल खड़े करते हुए भेदभाव के आरोप भी लगाए।