इंदौर। माचल के पास स्थित ललेंडी गांव में स्लॉटर हाउस (बूचड़खाने) का निर्माण कार्य फिर से शुरू होने जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
इस स्थान पर पहले भी कमलनाथ सरकार के दौरान स्लॉटर हाउस बनाने की कोशिश की गई थी, जिसका स्थानीय लोगों ने विधायक मनोज पटेल और हिंदू संगठनों के साथ मिलकर विरोध किया था। उस समय काम रुकवा दिया गया था।
अब फिर से इसी स्थान पर निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीण नाराज हो गए हैं। देपालपुर से बीजेपी विधायक मनोज पटेल ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि इस स्लॉटर हाउस का काम तुरंत बंद होना चाहिए। ग्रामीणों ने इसको लेकर पहले रैली निकाली और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा था। अब लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर जाकर तोड़फोड़ कर दी।विधायक पटेल ने बताया कि मंगलवार को जेसीबी मशीन से बनाई गई दीवारें तोड़ दी गईं। उन्होंने कहा कि हम किसी भी कीमत पर यहां स्लॉटर हाउस नहीं खुलने देंगे। नगर निगम यहां मीट प्रोसेसिंग यूनिट के नाम से स्लॉटर हाउस खोलने की तैयारी कर रहा है। निर्माण स्थल पर बड़े अक्षरों में इंदौर म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन लिखा गया है।ललेंडी गांव में नगर निगम मीट प्रोसेसिंग यूनिट के नाम से नई यूनिट लगा रहा है। बताया जा रहा है कि नगर निगम के एमआईसी सदस्य अश्विन शुक्ला ने कुछ दिन पहले मंजूर खान नामक व्यक्ति को यह जगह दिखाई थी। जानकारी के अनुसार मंजूर पर लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में एमआईसी सदस्य अनिल शुक्ला भी मंजूर खान के साथ निर्माण स्थल पर निरीक्षण करने गए थे।