भोपाल। पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के सभागार में बुधवार को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को नियुक्ति पत्र, ट्राई साइकिलें और स्मार्टफोन वितरित किए।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, भोपाल की महापौर मालती राय और भोपाल दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
43 नियुक्ति पत्र और ट्राई साइकिलें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजनों को स्मार्टफोन और मोटराइज्ड साइकिलें दी, जिससे उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। इसके साथ ही, लोक निर्माण के 33 उप यंत्री, पुरातत्व विभाग के 10 चौथी क्षेणी के कर्मचारी और जल संसाधन विभाग के 5 चौथी क्षेणी के कर्मचारी पद के लिए चयनित दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
डॉ. यादव ने कहा कि यह कदम दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का एक अहम प्रयास है। सरकार दिव्यांगजनों से जुड़े सभी मामलों में संवेदनशील तरीके से और अपनी ड्यूटी मानते हुए काम कर रही है।
दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को सहायता उपकरणों का वितरण किया और उन्हें दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत मिलने वाली सुविधाओं और अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस अधिनियम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समान अधिकार और अवसर देना है। इससे वे बिना किसी बाधा के समाज में सक्रिय रूप से भाग लें।
ब्रेल लिपि में पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस पुस्तक को ब्रेल लिपि में विकसित किया गया है। जिससे दृष्टिबाधित दिव्यांगजन भी इस अधिनियम के प्रावधानों और अपने अधिकारों को आसानी से समझ सकें।