विदिशा। ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल ने गर्मियों की छुट्टी में भी कक्षाएं चलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्कूल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मध्यप्रदेश सरकार ने 1 से 15 जून तक सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हैं। इसके बावजूद ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल ने 2 जून से 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू कर दीं।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन शासन के आदेशों की अवहेलना कर रहा है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर मंत्री प्रबल शर्मा ने कहा कि छुट्टियों में कई छात्र अपने रिश्तेदारों के यहां जाते हैं। ऐसे में स्कूल द्वारा कक्षाएं चलाने से कुछ छात्र पीछे रह जाएंगे। उन्होंने कान्वेंट स्कूलों के लिए अलग नियमों पर सवाल उठाया। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी।
अधिकारी बोले- नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा
जिला शिक्षा अधिकारी रामकुमार ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुष्टि की कि स्कूल में बच्चे कक्षाओं में बैठे हुए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि ये कक्षाएं केवल कमजोर छात्रों के लिए चलाई जा रही हैं, जो स्वेच्छा से पढ़ने आ रहे हैं।