मंदसौर। जिले की मल्हारगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बही पार्शनाथ में मुख्य सड़क के किनारे वर्षों पुराना एक खुला कुआं गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। यह कुआं वृक्षों के झुरमुट में अर्धछिपा हुआ है और इसके चारों ओर कोई सुरक्षा मुंडेर या चेतावनी संकेत नहीं लगा है।
यह मार्ग ग्रामीणों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन वाहन, स्कूली बच्चे और मवेशी गुजरते हैं। ऐसे में खुले कुएं की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से रात के समय या बारिश में इसका खतरा और भी बढ़ जाता है, जब इसकी गहराई और स्थिति स्पष्ट नजर नहीं आती। स्थानीय निवासियों ने इस कुएं को कई बार बंद करवाने या सुरक्षित करवाने की मांग की है, परंतु आज तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अब ग्रामीणों की मांग है कि उच्च अधिकारी स्वयं मौके का निरीक्षण करें और जल्द से जल्द इस कुएं के चारों ओर सुरक्षा मुंडेर, चेतावनी बोर्ड अथवा इसे ढंकने की व्यवस्था करवाई जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले इसे रोका जा सके। प्रशासन से अपील है कि इसे गंभीरता से लेकर शीघ्र समाधान किया जाए।